
शिमला(सोनिया)बीएड प्रवेश परीक्षा का फार्म ऑनलाइन मिलेगा। इसे ऑनलाइन भरा भी जा सकेगा। फीस का भुगतान भी ऑनलाइन कर करेंगे। विश्वविद्यालय से बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए किसी को फार्म खरीदने से लेकर फीस जमा करवाने के लिए कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। घर में बैठकर ही ऑनलाइन बीएड का प्रवेश परीक्षा फार्म भरने से लेकर फीस अदा करने की सुविधा होगी।
हालांकि, ऑनलाइन फीस जमा करवाने की अनिवार्यता को लागू नहीं किया जाएगा। प्रार्थी यदि ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं तो वह लोक मित्र केंद्र से ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे। बैंक के माध्यम से फीस जमा करवाकर चालान का नंबर ऑनलाइन फार्म में भरने की सुविधा भी होगी। प्रशासन का तर्क है कि सभी प्रार्थी ऑनलाइन फीस अदा नहीं कर सकते हैं, इसलिए प्रशासन की ओर से बैंक के माध्यम से भी फीस जमा करवाने की सुविधा जारी रहेगी। वर्तमान में विश्वविद्यालय बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रोस्पेक्टस बेचता है। परिसर से लेकर डाकघरों में प्रवेश परीक्षा के फार्म मिलते हैं। विश्वविद्यालय से प्रोस्पेक्टस लेने से लिए दूरदराज के छात्रों को डाकखर्च देना होता है, प्रशासन की ओर से इन्हें उनके पत्ते पर फार्म भेज दिए जाते हैं। आगामी सत्र की प्रवेश परीक्षा के लिए प्रोस्पेक्टस खरीदने की जरूरत नहीं होगी। प्रार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से सीधे ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे। इसके साथ ही प्रार्थियों को दस्तावेज स्कैन कर भेजने की जरूरत नहीं होगी। डाक्यूमेंट प्रशासन की ओर से काउंसलिंग के बाद चैक किए जाएंगे। प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने माना कि अगले सत्र में बीएड में प्रवेश के लिए आन लाइन फार्म भरने की सुविधा शुरू होगी।
