दभोटा में औद्योगिक नगर अटका

शिमला(वीरेन्द्र खागटा)प्रदेश में प्रस्तावित तीन औद्योगिक नगरों में से एक सोलन के दभोटा क्षेत्र में इसे बनाने का मामला अटक गया है। पंडोगा और कंदरोड़ी में तो ऐसे दो नगरों को हरी झंडी मिल गई है, जबकि दभोटा में जमीन फाइनल नहीं हो सकी है। दभोटा के स्थान पर अब सोलन जिले में इंडस्ट्रियल एरिया बनाने के लिए अन्यत्र जमीन देखी जा रही है।
चयनित स्थानों में पहले सड़क, पानी, बिजली की सहूलियतों से युक्त आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा। बाद में नियोजित तरीके से उद्योग स्थापित होंगे। दो औद्योगिक नगरों के लिए ऊना के पंडोगा में लगभग डेढ़ सौ एकड़ और कांगड़ा के कंदरोड़ी में साढ़े आठ सौ एकड़ भूमि को फाइनल कर दिया गया है। सोलन जिले के दभोटा में शुरू में औद्योगिक नगर बनाने के लिए 4455 बीघा भूमि का चयन किया गया। अधिकतर क्षेत्र में जंगल होने के मद्देनजर फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिल पाई। बाद में इस भूमि को घटाकर 515 बीघा कर दिया गया। इस भूमि पर हजारों पेड़ बताए जा रहे हैं। इनको लेकर भी वन एवं पर्यावरण मंजूरी नहीं मिल रही है। राज्य सरकार में प्रधान सचिव उद्योग आरडी धीमान ने माना है कि दभोटा मेें फॉरेस्ट क्लीयरेंस का पेंच फंसा होने के कारण औद्योगिक नगर के लिए अलग स्थल चुना जा रहा है। हालांकि, यह आसपास ही कहीं होगा।

Related posts