
शिमला (वीरेन्द्र खागटा) पूर्व विधायक एवं हिलोपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष केडी धर्माणी ने भाजपा का दामन थाम लिया। हमीरपुर में कार्यक्रम के दौरान धर्माणी घुमारवीं हिलोपा मंडल कार्यकारिणी सहित भाजपा में शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने समस्त कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता प्रदान की। हिलोपा की घुमारवीं मंडल कार्यकारिणी के 34 पदाधिकारियों, पांच प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, युवा कार्यकारिणी के 21 सदस्यों, पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए काम किया है और उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा। पूर्व विधायक केडी धर्माणी ने कहा कि 1982 में युवा मोर्चा से पार्टी में शुरूआत की थी। उसके बाद कहीं अन्यत्र जाने की न सोच थी और न ही इच्छा, लेकिन एक घटना घटी, परिस्थितियां बनी और वह दूसरी जगह चले गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, हरीश शर्मा, अजय शर्मा, सुरेश कुमार, प्रेम सिंह भरमौरिया, अंकुश दत्त सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
