
केलांग। जिला लाहौल-स्पीति के काजा उपमंडल के अंतर्गत आने वाली पिन वैली के सगनम हेलीपैड के लिए भी आपात हेलिकॉप्टर सेवा की मांग सरकार से की गई है। स्पीति से जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य सोहन सिंह, दोरजे छोपिल तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम कुमार ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि सगनम में दो मरीजों को आपात हेलिकॉप्टर सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि घाटी में काफी समय से सड़क तथा दूरसंचार सेवाएं ठप पड़ी हैं। उन्होंने विधायक रवि ठाकुर से आग्रह किया है कि शीघ्र यहां से मरीज को लिफ्ट किया जाए। उधर, जिला लाहौल-स्पीति कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार की ओर से मौसम खुलते ही लाहौल के लिए हेलिकॉप्टर सेवा आरंभ कर लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा जिला के विधायक रवि ठाकुर का आभार प्रकट किया है। कांग्रेस पार्टी प्रवक्ता अनिल सहगल ने सरकार एवं जिला प्रशासन से उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव आयोग से गौंधला हेलीपैड के लिए ट्रायल को स्वीकृति मिलते ही वहां के स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।
