
कुल्लू (भाग सिंह)अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को कुल्लू में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय समारोह देव सदन में आयोजित किया गया। इसमें डीसी कुल्लू राकेश कंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए डीसी राकेश कंवर ने कहा कि हाल ही के वर्षों में हमारे देश और समाज के सभी क्षेत्रों में बड़ी तेजी से परिवर्तन आए हैं। इन सामाजिक परिवर्तनों में महिलाओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। आज समाज में महिलाओं की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और वे तेजी से आगे बढ़ रही हैं। डीसी ने आगामी लोकसभा चुनाव में महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान की प्रतिशतता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसमें महिलाएं सबसे ज्यादा योगदान दे सकती हैं।
समारोह में डीएसपी संजय शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी निर्मला शर्मा, शिक्षाविद धनेश्वरी शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी वत्स किमटा, सब इंस्पेक्टर उमा ठाकुर और अन्य अधिकारियों ने महिलाओं से जुड़ी समस्याओं, उनके अधिकारों और विभिन्न अधिनियमों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर बेबी शो, मेहंदी तथा चित्रकला प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। इससे पहले डीसी ने विभिन्न विभागों तथा महिला संगठनों की प्रदर्शनी तथा स्वास्थ्य विभाग के जांच शिविर का उद्घाटन भी किया। पंचायतीराज, महिला सशक्तिकरण और अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को एडीएम विनय सिंह ठाकुर ने विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. सुरेश जसवाल, सीएमओ डॉ. बलदेव ठाकुर, जिला न्यायवादी महेश सेन, जिला परिषद सदस्य प्रेम लता ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी और महिला संगठनों की पदाधिकारी भी उपस्थित रही।
