
अंब (ऊना)। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैड़ी में शनिवार को होला मोहल्ला मेले का आगाज होते ही शातिरों ने सेंधमारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दावे करने वाली पुलिस प्रशासन के तमाम तैयारियों के बावजूद शातिर चलते ट्रक से बैग उड़ा ले जाने में सफल रहे।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के अबहोर गांव से श्रद्धालुओं का एक जत्था ट्रक से मैड़ी की ओर जा रहा था कि मोटर साइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात शातिर कुठेरा खैरला के समीप ट्रक के पीछे लटके बैग को उड़ा ले गए। जब तक चालक ट्रक रोकता, तब तक बाइक सवार काफी दूर निकल चुके थे। वहीं मेला ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं को थाने शिकायत दर्ज करवाने का बहाना बनाकर मामले से पल्ला झाड़ लिया। अबहोर निवासी गुरमीत कौर ने बताया कि बैग में कपड़ों सहित छह हजार रुपये की नगदी थी। वहीं उसके साथ आए अन्य लोगों ने गुरुद्वारा कमेटी से मदद मांगने की बात कहते हुए उन्हें आश्वासन दिया। वहीं मेला सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि अगर पीड़ित की शिकायत आती है, तो जानकारी के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
