
कुल्लू।(भाग सिंह)बंजार विकास मंच मांगों की अनदेखी पर भड़क गया है। विकास मंच ने अब लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। विकास मंच ने सरकार से आदर्श आचार संहिता से पहले उनकी दो मांगों को पूर्ण करने की सिफारिश की थी, लेकिन मंच को कोई जवाब नहीं मिला। मंच संयोजक भगत राम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक ने लोगों को झूठे आश्वासन देकर वोट बटोरे हैं, लेकिन अब बंजार की भोलीभाली जनता झूठे आश्वासनों में आने वाली है। भगत राम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बंजार तथा आनी की जनता को जलोड़ी दर्रा तथा बशलेऊ जोत से होकर सुरंग निकालने का झूठा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नुमाइंदों ने विस क्षेत्र की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि गाड़ागुशैणी के बजाय सैंज को कॉलेज मिलता तो ज्यादा बेहतर रहता। कहा कि गाड़ागुशैणी में कॉलेज मिलने पर सराज जोन कांग्रेस विधायक को सम्मान दे रही है जो बिल्कुल गलत है। उन्होंने बताया कि गाड़ागुशैणी में कॉलेज देने से बंजार क्षेत्र की 55 पंचायतों में से मात्र तीन पंचायतों को ही लाभ मिला है। बंजार विकास मंच के अध्यक्ष चंद्रबल्लभ नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रेम नेगी, महासचिव अजीत राठौर, कोषाध्यक्ष बेली राम, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुखदयाल शर्मा, उपाध्यक्ष उदय डोगरा, मुख्य सलाहकार मेघ सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष नरोत्तम नेगी, चुनी लाल, तीर्थन जोन के अध्यक्ष दौलत राम ठाकुर, यज्ञ चंद, सैंज जोन के अध्यक्ष खेम चंद सोनी, उपाध्यक्ष श्रीपत, यशपाल सहित मंच के सदस्यों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
