
रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा) ज्यूरी पंचायत की उपप्रधान के खिलाफ पंचायत प्रधान ने सरकारी धन के दुरुपयोग और मस्ट्रोल से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस थाना झाकड़ी में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने भादंसं की धारा 420, 467 और 468 के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी सोम दत्त ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ज्यूरी पंचायत के प्रधान अशोक नेगी ने पुलिस में शिकायत दी है कि पंचायत की उपप्रधान राज कांता ने अपने फायदे के लिए मनरेगा के धन का प्रयोग किया है। यही नहीं उपप्रधान ने मस्ट्रोल के साथ भी छेड़छाड़ की है। इसके अलावा आरोप है कि उपप्रधान पंचायत की बैठकों में भी उपस्थित रहती हैं। जबकि उसी दिन मनरेगा के मस्ट्रोल में भी उनकी उपस्थिति दिखाई गई है।
डीएसपी रामपुर सोम दत्त का कहना है कि पुलिस ने प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन करेगी। मामले की जांच की जिम्मेवारी एएसआई भूप सिंह को सौंपी गई है।
