
कुल्लू(भाग सिंह) हफ्ते से खराब चल रहा मौसम अब कुल्लूवासियों के लिए गले की फांस बन गया है।
बर्फबारी और बारिश के चलते कुल्लू में करीब डेढ़ दर्जन सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। उधर, लाहौल घाटी के लोगों की मुसीबतेें भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बर्फबारी और बारिश से यहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
बुधवार को भी कुल्लू और लाहौल में बर्फ के फाहों के साथ-साथ बारिश का दौर दिन भर जारी रहा। रोहतांग दर्रे में एक फुट तथा जलोड़ी दर्रे में आधा फुट तक बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी से औट-लुहरी मार्ग बहाली के अभियान को एक बार फिर झटका लगा है। मौसम खुलने पर सड़क को बहाल करने के लिए लोनिवि को कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी। हालांकि, ताजा बर्फबारी से सड़क, बिजली तथा पेयजल योजनाओं को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन, पहले से बंद और प्रभावित सड़कों तथा पेयजल योजनाओं को सुचारु करने के लिए और समय लग सकता है।
लिहाजा, औट-लुहरी, बंजार-छतरी, कुल्लू-मलाणा, आनी-रोहाचला, कुल्लू-पीज, कुल्लू ब्यासर, कुल्लू चतरानी, बागीपुल-बागासराहन, बागीपुल-जाओं आदि डेढ़ दर्जन मार्ग अभी भी बंद हैं। उधर, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की लाहौल घाटी में भी तीस से अधिक संपर्क मार्ग ठप हैं। जलोड़ी दर्रा स्थित बचाव दल के सदस्य भाग सिंह ठाकुर ने बताया कि बुधवार को जलोड़ी दर्रा पर आधा फुट बर्फबारी हुई है। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ललित भूषण ने कहा कि मौसम खुलते ही जिले में बंद सड़कों को खोलने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
बाक्स:-
ये पेयजल योजनाएं हैं प्रभावित
खड़ागाड़, कोठी-चैहणी, शिल्ही-मिशयार, देहुरीधार, गाड़ापारली, शांघड, रैला, शैंशर आदि पेयजल योजनाएं बर्फबारी से प्रभावित हैं।
