प्रबंधन के खिलाफ बोला हल्ला

रामपुर बुशहर(संदीप वर्मा) हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों को लेकर रामपुर वर्कशॉप में गेट मीटिंग कर प्रदेश सरकार व परिवहन प्रबंधन के खिलाफ हल्ला बोला। संघ ने प्रबंधन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते सरकार व परिवहन प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना गया तो संगठन द्वारा 11 मार्च को प्रदेश व्यापी हड़ताल करेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए तकनीकी कर्मचारी संगठन के राज्य अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि परिवहन कर्मचारी लंबे अरसे से परिवहन निगम की वित्तीय दुर्दशा का खामियाजा झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से परिवहन निगम को रोडवेज बनाने, पेंशन व भत्तों के लिए बजट का प्रावधान करने। 48 घंटे के ड्यूटी रोस्टर को समाप्त करने, 4-9-14 का टाइम स्केल देने और अन्य मांगों को परिवहन प्रबंधन और सरकार के समक्ष रख रहा है, लेकिन उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 11 मार्च को प्रदेश भर के परिवहन निगम के कर्मचारी पूर्ण रूप से हड़ताल पर रहेंगे। यदि इसके बावजूद भी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो परिवहन निगम की राज्य स्तरीय कमेटी अगली रूपरेखा तैयार करेगी। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ के राज्य अध्यक्ष विद्यासागर, चालक संगठन के राज्य उपाध्यक्ष पवन कुमार, तकनीकी कर्मचारी संगठन के मंडल अध्यक्ष नवल किशोर, जेसीसी रामपुर के अध्यक्ष जीवन सिंह, सर्व कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष राजू राम, जेसीसी के सचिव सुरेश कुमार, विजय शर्मा, केहर सिंह, किशोरी लाल, प्रेम सिंह व नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।

Related posts