50 करोड़ से और सुंदर होगा सुंदरनगर

सुंदरनगर (मंडी)(ओम प्रकाश) मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि सुंदरनगर में रहने वालों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए किसी प्रकार की धन की कमी आड़े नहीं आएगी। मंगलवार को सुंदरनगर के भोजपुर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नप द्वारा 60 लाख से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग और दस लाख से नगौण खड्ड पर बने वाहन योग्य पुल का सोहन लाल ठाकुर ने लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि सुंदरनगर को विकास का मॉडल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास शुरू हो गए हैं। इसके लिए पचास करोड़ की योजना बनाई है। पूर्व सरकार के समय में सुंदरनगर में विकास को ग्रहण लगकर रह गया था। इस कारण यह क्षेत्र विकास में पिछड़ गया। लेकिन कांग्रेस की वीरभद्र सरकार के सत्ता में आते ही यहां पर विकास को गति मिली। ठप पड़े कार्यों को दोबारा शुरू करवाया गया है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बिजली, पानी, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं उन्हें उनके घरद्वार उपलब्ध करवाई जाए। मुख्यमंत्री ने निहरी में अपने दौरे के दौरान जो करोड़ों की सौगात पिछड़े क्षेत्र की जनता को दी है, उससे उनमें खुशी है।
पार्षद तुलेंद्र बिट्टा और अजय शर्मा की मांग पर बहुमंजिला पार्किंग के ऊपर एक स्पोर्ट्स कांपलेक्स बनाया जाएगा। नप को प्रारूप बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्किंग के साथ और भोजपुर बाजार में तहसील यूनियन के निकट दस-दस लाख से दो शौचालय बनाने को मंजूरी दी। नगौण खड्ड में स्टेडियम बनाने को तीन लाख देने की घोषणा की। इस मौके पर नप अध्यक्ष गिरिजा गौतम, उपाध्यक्ष नरेश सेन, कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया, राज्य दलित एवं अल्पसंख्यक सोशल रिफार्म के अध्यक्ष समाजसेवी एजी शेख, पूर्व नप अध्यक्ष हुस्न लाल शर्मा, देवेंद्र कौशल, रिकुं खुल्लर, दीपक भल्ला, जिप सदस्य संतराम और कांग्रेस महासचिव निकु राम सैनी मौजूद रहे।

 

Related posts