
बिलासपुर।(सोनू शर्मा)एसएसबी गुरिल्ला संगठन से जुडे़ लोगों को नौकरी मिलने की आस जगी है। केंद्रीय रक्षा मंत्री सुशील कुमार शिंदे के आश्वासन के अनुसार जल्द ही एसएसबी गुरिल्लों को नौकरी मिलेगी। हाल ही में केंद्रीय मंत्री से मिले संगठन के प्रतिनिधिमंडल को शिंदे ने आश्वासन दिया है कि 15 राज्य में केंद्रीय फंड से चल रहे विभागों में ऐसे लोगों को नौकरी दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बाकायदा इसके आदेश करने की भी बात कही है।
गुरिल्ला संगठन की बिलासपुर में संपन्न हुई बैठक में इस मसले पर चर्चा हुई। मंगलवार को हुई बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव श्याम सिंह ने की, जबकि राज्य अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने इस बैठक में मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गुरिल्लाओं का दी जाने वाली सुविधाओं पर हामी भर दी है। बिलासपुर के 369 वालंटियर गुरिल्लों की वेरिफिकेशन एसएसबी ने की है। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष वीके आनंद की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल रक्षा मंत्री से मिला था। इस दौरान 20 सांसद एवं मंत्री भी मौजूद थे। उनके अनुसार शिंदे ने 15 राज्यों को इस बारे आदेश दिए हैं। इन राज्यों में गुरिल्लों की संख्या लगभग 30 हजार है। हिमाचल में यह संख्या 5835 है। इनकी बाकायदा वेरिफिकेशन भी हो चुकी है। बैठक में मांग की गई कि गुरिल्लों को जो भी लाभ देने है, वह केंद्र सरकार दें। क्योंकि राज्य सरकार के पास सीमित साधन होते हैं। आठ मार्च को गुरिल्ला संगठन कांगड़ा आ रहे राहुल गांधी को भी अपना मांगपत्र सौंपेगा। बैठक में हीरा पाल चौहान, कमलेश, भूरा राम, राजेंद्र कुमार, नरोत्तम, सुरेश भड़ोल, चेत राम, श्याम सिंह, हेम राज, राजेश राणा, संजय धीमान सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे।
