कांग्रेस पार्टी के लाखों रुपये गर्क

धर्मशाला (आत्मा राम) कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के स्थगन के चाहे कोई भी कारण रहे हों मगर इस फैसले ने पार्टी के लाखों रुपये गर्क कर दिए हैं। धर्मशाला में राहुल गांधी की रैली के आयोजन को लेकर पार्टी स्तर पर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन, मंगलवार को एक सूचना मिलने के बाद यह सब धरी की धरी रह गईं। राहुल की रैली के लिए धर्मशाला क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से 21 सेक्टरों में बांट दिया गया था। रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस, सीआईडी के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटियां भी बांट दी गई थीं। चंडीगढ़ से पंडाल का सामान लेकर धर्मशाला के लिए गाड़ियां भी रवाना हो गई थीं। कुछ सामान धर्मशाला पहुंच भी गया था। स्टेज बनाने का प्रारंभिक कार्य शुरू हो गया था। प्रदेश भर में राहुल की रैली के लिए पोस्टर और होर्डिंग भी छपकर आ गए थे। यह लगने भी शुरू हो गए थे। इन पोस्टरों और होर्डिंगों पर राहुल की रैली की आठ मार्च की तिथि अंकित है। रैली स्थगित हो जाने से यह पोस्टर और होर्डिंग तो बेकार ही हो गए। पंडाल का काफी सामान भी धर्मशाला पहुंच चुका है। ऐसे में उसका खर्च भी बेवजह पड़ेगा। उधर, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा का कहना है कि राहुल गांधी के दौरे को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं। प्रचार के लिए बनाए गए पोस्टर और होर्डिंग बेकार होने से आर्थिक नुकसान भी रैली स्थगन के चलते जरूर होगा।

Related posts