वीरभद्र-प्रतिभा सिंह के शपथपत्र सही

शिमला(वीरेन्द्र खागटा) हिमाचल प्रदेश के निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय चुनाव आयोग को मुख्यमंत्री और मंडी की सांसद की शिकायत के मामले में अपनी रिपोर्ट भेज दी है। इसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह के शपथ पत्र को सही पाया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से केंद्रीय चुनाव आयोग को भेजी रिपोर्ट में शिकायत के समय दिए दस्तावेजों को शपथपत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक सही पाया गया है। एक जनवरी को भाजयुमो अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय चुनाव आयोग में चुनावों के दौरान संपत्ति छुपाने की शिकायत की थी। इस पर केंद्रीय चुनाव ने हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट तलब की थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री के शपथपत्र के मामले मे एसडीएम शिमला ग्रामीण और सांसद के शपथपत्र के मामले में मंडी के जिला उपायुक्त से रिपोर्ट मांगी थी। दोनों ही मामलों में मुख्य निर्वाचन आयोग से रिपोर्ट सही पाई गई। अब मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस मामले में अपनी तरफ से संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दी है। इसकी जांच में जांच अधिकारियों ने शपथपत्र की संपत्ति और शिकायतकर्ता के दस्तावेजों को मिलाया है। इसमें संपत्ति सही पाई गई है।
हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने बताया कि भाजपा के शिकायत मामले में मांगी गई रिपोर्ट को केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दिया है। इसमें शिकायतकर्ता के दस्तावेज और चुनाव आयोग को शपथपत्रों का मिलान कर संपत्ति की जानकारी को सही पाया है।

Related posts