आनंद, आस्कर और सोनी कल हिमाचल में

शिमला(सोनिया) इसे लोकसभा चुनाव सिर पर होने का असर ही कहा जाएगा कि बुधवार 5 मार्च को हिमाचल में केंद्र सरकार के दो कैबिनेट मंत्री और एक पूर्व केंद्रीय मंत्री दौरे पर होंगे। केंद्रीय मंत्री आस्कर फर्नांडीस, आनंद शर्मा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी हिमाचल आ रही हैं। चुनाव आचार संहिता की संभावना को देखते हुए ही सारे कार्यक्रम एक साथ रख दिए गए हैं। अब दुविधा ये है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अब एक या दो कार्यक्रमों में ही शामिल हो पाएंगे।
सुंदरनगर के नेरचौक में ईएसआई मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री आस्कर फर्नांडीस बुधवार सुबह 11 बजे करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए तैयार हुए निमंत्रण पत्रों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह भी शामिल होंगी। मेडिकल कॉलेज आगामी सत्र से शुरू हो जाएगा और 50 फीसदी सीटें हिमाचल के छात्रों को मिलेंगी। दूसरी ओर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा हमीरपुर के नादौन में स्पाइस पार्क की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम धनपुर में होगा। नेशनल स्पाइस बोर्ड इस पार्क पर 37 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। पार्क की मंजूरी 4 साल पहले मिली थी और जमीन ट्रांसफर न होने के कारण यह देरी से शुरू हुआ है।
राहुल गांधी की 8 मार्च को धर्मशाला में प्रस्तावित रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस महासचिव अंबिका सोनी भी बुधवार को ही धर्मशाला आएंगी। अंबिका हिमाचल कांग्रेस प्रभारी होने के नाते खुद सारे इंतजाम देखना चाहती हैं। राहुल गांधी 8 मार्च को रैली के साथ दो और कार्यक्रम धर्मशाला में करेंगे।

Related posts