
चंबा(गीता) दसवीं कक्षा की परीक्षाएं सिर पर हैं, लेकिन जिला चंबा में अभी तक आंसर शीटें नहीं पहुंची हैं। ऐसे में हजारों स्कूली बच्चों को परीक्षा देने में अड़चनें पैदा हो सकती हैं। जिला के विभिन्न स्कूलों से शिक्षक आंसर शीट प्राप्त करने के लिए शिक्षा बोर्ड के परेल स्थित डिपो में पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी तक वहां पर आंसर शीटें नहीं पहुंची हैं। हाई स्कूल पज्जा के शिक्षक राकेश कुमार, रायपुर के विश्व पठानिया व टीजीटी मलाल विमल ने बताया कि वे तीन बार डिपो के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें आंसर शीट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि उन्हें 16 फरवरी को आंसर शीट प्राप्त करने के निर्देश हुए थे। इसके बाद वे बार-बार डिपो में आंसर शीटें लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन डिपो में तैनात विभाग के अधिकारी उन्हें बार-बार आश्वासन दे रहे हैं कि जल्द आंसर शीट पहुंच जाएंगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को डिपो में दो दर्जन से ज्यादा शिक्षक आंसर शीट लेने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बैरंग वापिस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि छह मार्च से दसवीं कक्षा की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। जल्द आंसर शीट नहीं पहुंची तो परीक्षाओं में समस्या हो सकती है।
