सरकारी कालोनी की हालत जल्द सुधरेगी

चंबा(गीता) उपायुक्त कार्यालय में मंडे मीटिंग का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कदम ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हरदासपुरा स्थित सरकारी कालोनी के उन आवासों की मरम्मत करवाई जाए, जिनकी दशा सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग सभी आवासों का प्राकलन जल्द तैयार करें। इससे आवासों की मरम्मत के लिए आवश्यक धन राशि जारी की जा सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने हरदासपुरा में अतिरिक्त आवासों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने आईपीएच विभाग को हरदासपुरा में सीवरेज कार्य में तेजी लाने क ो कहा। उपायुक्त ने कहा कि ई गवर्नेंस फंड की लंबित राशि की रिकवरी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है। बैठक के दौरान भू-रिकार्ड कंप्यूटरीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने चुराह तहसील में मुसाबियों के डिजिटाइजेशन के काम को जल्द पूरा करने के लिए कहा। जहां पर अभी तक वन अधिकार समितियों का गठन नहीं हो पाया हैं, वहां इनके गठन को उचित क दम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए आठ मार्च की तिथि तय की गई है। उन्होंने चंबा में निर्वाचन सदन और राजस्व सदन के निर्माण, चंबा, डलहौजी व चुवाड़ी बाजार में वेंडिंग जोन चिन्हित करने व ई राशनकार्ड का नवीनतम ब्यौरा उपलब्ध करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी राज शाह, एसडीएम बचन सिंह, सहायक आयुक्त उपायुक्त दीप्ति कपूर, जिला लोकसंपर्क अधिकारी रवि वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अशोक गुप्ता सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

पार्किंग के लिए साइट का निरीक्षण
मंडे मीटिंग में शहर में पार्किंग की समस्या का हल निकालने के मुद्दे पर उपायुक्त को अवगत करवाया गया। नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि बीएसएनएल के इंजीनियरों ने धड़ोग के समीप पार्किंग की संभावना को लेकर साइट का निरीक्षण कर लिया है। इसके अलावा बीएसएनएल के आर्किटेक्ट भी जल्द साइट का निरीक्षण करेंगे।

Related posts