
कुल्लू( भाग सिंह) शहर के बीचोंबीच स्थित पीएनबी में चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया। हालांकि, इस वारदात में चोर किसी भी तरह की कोई लूटपाट करने में नाकाम रहे। पुलिस ने बैंक प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भादंसं की धारा 457 और 511 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार रात चोरों ने बैंक की पिछली खिड़की तोड़कर
अंदर घुस पैसे जमा करने वाली मशीन को भी खोलने की कोशिश की, लेकिन उसे नहीं खोल पाए। लेकिन, इस नकाबपोश की हरकतें बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गईं। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी की फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस जल्द अज्ञात चोर की पहचान कर उसे पकड़कर सलाखों के पीछे डाल देगी। मामले की छानबीन हेड कांस्टेबल गिरधारी को सौंपी गई है।
