
कुल्लू।(भाग सिंह) मांगों की अनदेखी पर एचआरटीसी के कर्मचारियों ने कुल्लू में जमकर हल्ला बोला। एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की गेट मीटिंग कुल्लू बस अड्डा परिसर में हुई। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के प्रदेश प्रवक्ता देवराज ठाकुर ने कहा कि चार मार्च से एचआरटीसी कर्मचारी हर रोज गेट मीटिंग कर कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे और मांगें पूरी न होने पर रोष व्यक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि मांगें पूरी न होने पर 11 मार्च को एचआरटीसी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति एक दिन की पूर्ण हड़ताल करेगी।
उन्होंने बताया कि समिति की मुख्य मांग परिवहन निगम को रोडवेज बनाना, पेंशन व अन्य भत्तों के लिए सरकारी बजट में प्रावधान करना, यात्री परिवहन का राष्ट्रीयकरण करना, अवैध संचालन पर रोक लगाना, बुकिंग एजेंट, वाशर ब्वाय को अनुबंध नीति के तहत लाना, 48 घंटे के विसंगत साप्ताहिक ड्यूटी रोस्टर को समाप्त करना, हर श्रेणी में सरकार की भर्ती नीति के अनुसार एक समान वेतन व नियमों पर स्टाफ की कमी को पूरा करना, अनुबंध कर्मियों को पांच साल में नियमित करना आदि मांगें शामिल हैं। मीटिंग में राज्य समिति सदस्य खमेंद्र गुप्ता, संजय कुमार, सागर पाल, राम लाल ठाकुर, महिमन चंद्र, टेक चंद, खेम सिंह, सुरेंद्र सूद आदि उपस्थित थे।
