43 पुलिस कर्मी किए सम्मानित

ऊना।(विवेक त्रिपाठी) पुलिस लाइन ऊना में सोमवार को कल्याण एवं अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ठाकुर, डीएसपी अंब सागर चंद्र के अलावा सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि कल्याण एवं अपराध बैठक में स्थायी आदेशों के अनुरूप ही बैठक में उपस्थिति दर्ज करें तथा प्रत्येक थाना से महिला कर्मचारी भी बैठक में अवश्य भाग लें। गत माह अच्छा कार्य करने वाले 43 कर्मचारियाें को सम्मानित किया गया। एसपी ने कर्मचारियों को पुलिस सामुदायिक योजना को बेहतर ढंग से लागू करने के बारे में निर्देश दिए। कहा कि सामुदायिक योजना के सही ढंग से लागू करने पर जनता व पुलिस के संबंध सुधरेंगे व अपराध में कमी आएगी। अपराध समीक्षा बैठक में सभी प्रभारियों को अपने-अपने थाना में लंबित पड़े अभियोगों के शीघ्र निपटारे के बारे में तथा जिले में बढ़ते अपराधों के बारे में अधिक से अधिक अपराध निवारक धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए हैं। ऊना में लंबित अभियोगों की प्रतिशतता 16.03 है जो सराहनीय है। वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मोटर अधिनियम के अंतर्गत 1741 चालान किए गए तथा 4,86,300 रुपये जुर्माने के रूप में प्राप्त किए गए। एसपी ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वाले 249 व्यक्तियों के कोपटा एक्ट के तहत चालान काटे। अवैध खनन के अंतर्गत 116 चालान किए गए।

Related posts