सेंधमारी कर नकदी और आभूषण चुराए

भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत अप्पर मनोह में शातिरों ने एक घर में सेंधमारी की है। यहां से शातिर करीब आठ हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लीला देवी पत्नी विजय सिंह गांव मनोह अप्पर डाकघर कड़ोहता, भोरंज ने शिकायत दर्ज करवाई है कि पहली मार्च को उसके घर में शातिरों ने सेंधमारी की है। सेंधमारी के दौरान शातिर घर से आठ हजार रुपये की नकदी और सोने, चांदी के जेवरात ले उड़े हैं। जब वह कमरे में गई तो उसने देखा कि सामान यहां वहां बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली पड़ी थी। जब उसने अलमारी में देखा तो अलमारी से आठ हजार रुपये की नकदी गायब थी। साथ ही सोने और चांदी के आभूषण भी चोरी हो गए थे। हालांकि अभी तक चोरी हुए जेवरात का आंकलन नहीं हो पाया है। जैसे ही परिजनों ने पुलिस को चोरी के बारे में बताया तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के ब्यान कलमबद्ध कर लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर अज्ञात शातिरों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी वीना भारती ने पुष्टि करते हुए बताया कि शातिरों ने आठ हजार रुपये नकदी के साथ जेवरात चोरी किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शातिरों के खिलाफ मामला दर्जकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts