
हमीरपुर।(नीरू) प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी से जुड़े सशक्त व्यक्ति को टिकट दिया जाए तो कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा होगा। टिकट का फैसला पार्टी आलाकमान को करना है, सक्षम और जीताने वाले उम्मीदवार को उतारना होगा।
हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा भी सक्षम उम्मीदवार हैं, लोस क्षेत्र का भी दौरा कर रहे हैं, दिन प्रतिदिन उनका ग्राफ बढ़ा है। सरकार ने भी उनका पूरा साथ दिया है तथा जनहित में रखी मांगों को पूरा किया है। राणा भाजपा की कमियों, खामियों को जानते हैं, जिसका लाभ कांग्रेस को लोस चुनावों में मिल सकता है। रणधीर शर्मा को नोटिस देकर डराना नहीं चाहते हैं, केवल अपने कानूनी अधिकार का उपयोग कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने पार्टी, विपक्ष को हाईजैक कर लिया है, एक पक्ष का एजेंट बनाकर खड़ा कर दिया है। एक परिवार के कारण विरोध किया जा रहा है, परिवार की ही भाषा बोली जा रही है। भाजपा ने उनके आईटीआर, बैंक अकाउंट हैक किए हैं, वे इसी काम में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते हैं तो धूमल वीरभद्र सिंह के खिलाफ षड्यंत्र रचते रहे हैं। तथ्यों से विपरीत आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने अरुण धूमल के आरोपों पर कहा कि पहले प्रधान पद का चुनाव लड़कर जीत कर आएं, उसके बाद प्रदेश में छह बार मुख्यमंत्री रहने वाले व्यक्तित्व पर आरोप लगाएं। उन्होंने माना कि वर्तमान में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जरूरत है, और युवा कांग्रेस के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है।
