
हमीरपुर।(नीरू) प्रदेश में महिला मुखिया के नाम राशनकार्ड बनाए जाने की योजना शुरू की गई है। नए राशनकार्ड बनाने के लिए पंचायत स्तर पर फार्म भरवाए जा रहे हैं। नए राशनकार्ड के लिए फार्म जमा करवाने का दायित्व पंचायत सचिवों को सौंपा गया है लेकिन महिला मुखिया के नाम राशनकार्ड बनाने को लोग तत्परता नहीं दिखा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा फार्म जमा करवाने की तय तिथियों में फेरबदल किया गया। तीन बार तय तिथियों को आगे बढ़ाया गया लेकिन अभी तक पूरे फार्म जमा नहीं हो पाए हैं।
नए राशनकार्ड बनाने को फार्म जमा करवाने के लिए पहले 20 जनवरी तक का समय तय किया गया था लेकिन तय तिथि तक आधे राशनकार्ड धारकों ने भी फार्म जमा नहीं करवाए जिसके चलते सरकार ने तय तिथि को बढ़ाकर 31 जनवरी तक कर दिया। 31 जनवरी तक भी फार्म जमा नहीं होने पर तिथि को दोबारा बढ़ाया गया और फार्म जमा करवाने की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक कर दी गई। तीसरी बार तय समय बढ़ाने के बाद भी पूरे फार्म जमा नहीं हो पाए हैं। जिला में करीब 1 लाख 26 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से अभी तक करीब 1 लाख 8 हजार राशनकार्ड धारकों के फार्म ही जमा हो पाए हैं। हमीरपुर ब्लॉक से 15087, बमसन से 16480, बिझड़ी से 25164, भोरंज से 19300, सुजानपुर से 8182 और नादौन से 24191 फार्म जमा हुए हैं।
उधर, खाद्य आपूर्ति अधिकारी प्रताप ठाकुर का कहना है कि करीब एक लाख आठ हजार फार्म आ चुके हैं। करीब 18 हजार राशनकार्ड धारकों के फार्म आने को हैं।
