
मंडी।(ओम प्रकाश) स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आगामी वित्त वर्ष में स्वास्थ्य क्षेत्र में 1050 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के नसलोह में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ करने के बाद ठाकुर ने स्तरोन्नत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नसलोह तथा ग्राम पंचायत बिजणी तथा तुंग में नए खोले गए उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नए खोले गए प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 17 लाख 75 हजार का बजट का प्रावधान कर दिया गया है। मंडी अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर इसे 500 बिस्तरों का कर दिया गया है। इसके साथ ईएसआई मेडिकल कालेज को जोड़ा जा रहा है। जिसका इसी सत्र से शुभारंभ किया जा रहा है। मेडिकल कालेज में हिमाचलियों को 40 सीटें आरक्षित की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 7750 आशा वर्करों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है तथा शीघ्र ही इन्हें तैनाती दे दी जाएगी। तुंग के आखरी गांव रोपडू को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। नसलोह पंचायत की प्रधान रमा देही तथा तुंग पंचायत के उप प्रधान दलीप कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान पूर्ण चंद ठाकुर, द्रंग कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जोगेंद्र गुलेरिया तथा डा. दिनेश कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ठाकुर, द्रंग कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, द्रंग युवा कांग्रेस अध्यक्ष ललित शर्मा, ग्राम पंचायत नसलोह के उप प्रधान गोपाल ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य नीलमणी मौजूद थे।
