
चंबा।(गीता) जिला चंबा के हाई व सीनियर सेकेंडरी स्कूल के दर्जनों शिक्षकों की सालाना गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) शिक्षा उप निदेशक कार्यालय नहीं पहुंची है। इस कारण शिक्षकों को एश्योर्ड कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम 4-9-14 का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला में प्रधानाचार्यों के 96 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 15 पद खाली चल रहे हैं, जबकि 81 पद भरे हुए हैं। इसके अलावा विभिन्न स्कूलों में 44 मुख्याध्यापक सेवारत हैं, लेकिन इनमें से करीब आधा दर्जन अध्यापकों ने ही अपनी एसीआर शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में जमा करवाई है। अन्य शिक्षकों ने अभी तक अपनी एसीआर जमा नहीं करवाई है। ऐसे में इन शिक्षकों के एसीपी के केस लटके हुए हैं। शिक्षा विभाग ने जिला भर के स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी एसीआर तीन साल का पूरा अंडरटेकिंग प्रफोर्मा बनाकर शिक्षा उप निदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। ऐसा न करने पर वे 4-9-14 स्केल का लाभ पाने से वंचित रह सकते हैं। उच्च शिक्षा उप निदेशक विजय सिंह ठाकुर ने सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि अपनी एसीआर जल्द जमा करवाएं। इससे एसीपी के केस का समय पर निपटारा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि 4-9-14 का लाभ देने के लिए सबसे पहली बाध्यता यह है कि कम से कम पिछले तीन साल की एसीआर सही होनी चाहिए।
लेक्चरर भी करवाएं जमा
प्रिंसिपल व हैडमास्टर के अलावा कुछ लेक्चरर ने भी अभी तक अपनी एसीआर जमा नहीं करवाई है। इस कारण उनके भी एसीपी के केस लटके हुए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से लेक्चरर को भी निर्देश दिए हैं कि जिन लेक्चरर ने अपनी एसीआर शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में जमा नहीं करवाई है, वे जल्द एसीआर शिक्षा उप निदेशक कार्यालय में जमा करवाएं।
