
चंबा। (गीता)लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम पंचायत बकाण के पांच घर भूस्खलन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके चलते धरेड़ी व कलवारा वार्ड के दो गांवों के पांच परिवार प्रभावित हो गए हैं। दो घर भूस्खलन की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस कारण दो परिवारों को घर छोड़ना पड़ा है और दूसरों के घरों में आश्रय लेना पड़ा है। धरेड़ी गांव की ब्रह्म्ी देवी, राजू पुत्र मेहरू, गुमानों के घरों को भूस्खलन से नुकसान पहुंचा है। ब्रह्म्ी देवी के घर पर आधी रात को मलबा आ गिरा और इससे घर का मुख्य दरवाजा बंद हो गया। इससे घर में सोए सदस्यों को खिड़की तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। भूस्खलन होने की सूचना मिलने के बाद प्रभावित परिवार के मवेशियों को स्थानीय लोगों ने मुश्किल से बाहर निकाला। ब्रह्म्ी देवी के परिवार को दूसरे घर में आश्रय लेना पड़ रहा है। धरेड़ी वार्ड के परसो, पूथु राम, शिवू के खेत भी भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कलवारा वार्ड के शक्ति राम पुत्र मांगतू गांव लुडेरा व जयराम के घरों को नुकसान पहुंचा है। शक्ति राम के घर का लेंटर मलबे की चपेट में आ गया है। इस मकान के आगे से भी भूस्खलन हो रहा है। इससे उसके परिवार को घर को छोड़ना पड़ा है और दूसरों के घर में आश्रय लेने के लिए बाध्य होना पड़ा है। लोगों ने इसकी सूचना बकाण पंचायत की प्रधान कृष्णा देवी को दी है। वह वार्ड के मकानों का दौरा करने के लिए रवाना हो गई हैं। कलवारा की वार्ड मेंबर सीमा देवी ने बताया कि भूस्खलन के कारण काफी नुकसान हुआ है। लगातार बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन से गांव के लोग डर के साए में जीने को मजबूर हो गए हैं। प्रभावित लोगों ने वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी और प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित परिवार को जल्द मदद मुहैया करवाई जाए।
