पांचवें दिन आपके हाथ में होगा आधार कार्ड

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। अब आधार कार्ड लेने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। लोगों को पांचवें दिन ही आधार कार्ड मिल जाएगा। इस सुविधा से उन लोगों को शिकायत नहीं रहेगी, जिन्हें किसी कारणवश महीनों तक आधार कार्ड नहीं मिल पाता था। जानकारी के अनुसार आधार कार्ड सेंटर से आधार कार्ड बनाने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के पांच दिन बाद कोई भी व्यक्ति कहीं से भी ऑनलाइन प्रिंट आउट निकाल सकता है। इससे पहले लोगों को तीन से छह महीने लग जाते थे। कई बार तो लोगों की शिकायत रहती थी कि एक साल हो गया, लेकिन उनका आधार कार्ड बनकर नहीं आया। कंपनी ने लोगों को सुविधा प्रदान की है कि आधार कार्ड सेंटर से किसी भी व्यक्ति का जैसे ही रिकार्ड लोड हो जाता है तो उसका आधार कार्ड का नमूना कंपनी के सर्वर पर डाल दिया जाएगा। जिसके बाद संबंधित व्यक्ति आधार कार्ड बनाते समय रसीद पर लिखे नंबर से अपने आधार कार्ड का नमूना ले सकता है। जिसका इस्तेमाल वह कहीं भी कर सकता है। देहरा स्थित आधार कार्ड सेंटर से यह सुविधा शुरू हो चुकी है। अनुमान के अनुसार अभी भी तीस फीसदी लोग ऐसे हैं, जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं और जिनके बने हैं उन्हें समय पर मिल नहीं पा रहे हैं। इस बारे में बीडीओ देहरा मनीष कुमार ने कहा कि लोगों को अब आधार कार्ड पांचवें दिन मिल जाया करेगा। आधार कार्ड का कहीं से भी प्रिंट आउट निकाला जा सकता है।

Related posts