
धर्मशाला।(आत्मा राम) शैक्षणिक सत्र 2012-13 के मेधावी छात्रों को मिलने वाली नेटबुक का इंतजार लंबा हो गया है। छात्रों को आगामी सत्र में ही नेटबुक मिलने के आसार जताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की ओर से 25 जनवरी को नेटबुक वितरण के शुभारंभ तक ही योजना सीमित हो कर रह गई है। वितरण कार्य का शुभारंभ हुए एक माह से भी ज्यादा समय बीत गया है, लेकिन अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से सभी मेधावियों को नेट बुक जारी नहीं की गई है। विभाग ने 200 नेटबुक मंगवाई थीं और अब तक उन्हीं का ही वितरण हुआ है। साढ़े सात हजार छात्रों को नेटबुक मिलनी हैं। आगामी माह से अगला शैक्षणिक सत्र शुरू होने वाला है, लेकिन शिक्षा विभाग की लेटलतीफी के चलते अब तक छात्रों को उनकी मेहनत का फल नहीं मिल पाया है। उधर, शिक्षा विभाग मेधावी छात्रों का इंतजार और लंबा किए जा रहा है। सूत्रों की मानें तो मेेधावियों को नेटबुक अब आगामी सत्र में ही मिल पाएंगी। नेटबुक को एस्सर कंपनी के साथ करार हुआ है, लेकिन सूत्रों के अनुसार कंपनी ने अभी तक प्रदेश सरकार द्वारा दिए ऑर्डर को पूरा नहीं किया है। कंपनी नेटबुक तैयार करने में जुटी है। जिसमें अभी और समय लग सकता है।
वहीं, शिक्षा विभाग के धर्मशाला स्थित उपनिदेशक देशराज शर्मा का कहना है कि अभी स्टॉक नहीं आया है। निदेशालय से स्टॉक आते ही नेटबुक का वितरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
