पर्यटन नगरी मनाली में गिरे फाहे

मनाली।(सरिता) पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हो रही बारिश के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार को दिन भर रुक-रुक बारिश होती रही। इसी के चलते दिन भर लोग घरों में ही दुबके रहे। इस दौरान लोगों ने ठंड से बचने के लिए हीटर और तंदूर आदि का सहारा लिया।
रविवार सुबह पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फ के हल्के फाहे गिरे। हालांकि, फाहे कुछ ही देर में पिघल गए। इसके अलावा प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला में भी करीब पांच इंच हिमपात हुआ। कोठी में आधा फुट, गुलाबा में पौना, जबकि मढ़ी में एक फुट बर्फबारी हुई। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग में दो फुट से ज्यादा ताजा हिमपात हुआ। आनी उपमंडल को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले जलोड़ी दर्रा पर भी करीब डेढ़ फुट तक हिमपात हुआ है। इसके अलावा लाहौल-स्पीति की ऊंची पहाड़ियों समेत रिहायशी इलाकों में भी रविवार को ताजा हिमपात हुआ है। कोसकर में करीब आधा फुट से ज्यादा हिमपात हुआ है। रविवार को उदयपुर और केलांग में भी बर्फ के हल्के फाहे गिरे। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते निचले क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मार्च में हो रही बर्फबारी को पर्यटन कारोबारी पर्यटन सीजन के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। एसडीएम बंजार वीरेंद्र शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे इन दिनों जलोड़ी दर्रा पदैल पार न करें। यदि दर्रा पार करना हो तो अकेले न जाएं। ग्रुप में जस-पंद्रह लोग मिलकर दर्रा लांघें। इसके अलावा बचाव चौकियों पर अपना पंजीकरण जरूर करवाएं।

Related posts