
पतलीकूहल (कुल्लू)।(भाग सिंह) भारी बर्फबारी के चलते सर्दी के मौसम में शेष भारत से कटे लाहौल जिला को हेलीकॉप्टर की नियमित उड़ान न होने पर भाजपा ट्राइबल मोर्चा बिफर गया है। इसके लिए सांसद प्रतिभा सिंह, लाहौल के स्थानीय विधायक रवि ठाकुर और सीएम वीरभद्र सिंह भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बौद्ध ने मीडिया को जारी बयान मेें कहा कि जीएडी खराब मौसम के बाद आसमान साफ होने का अंदाजा लगाकर हेलीकॉप्टर का शेड्यूल जारी कर देता है, लेकिन लाहौल आने-जाने वालों को दिनभर इंतजार के बाद मायूस वापस लौटना पड़ता है। क्याेंकि, हेलीकॉप्टर सीएम की सेवा में हाजिर कर दिया जाता है। उन्होेंने हैरानी जताई कि हिमाचल के लौहाल-पांगी को छोड़कर अमूमन अन्य जिलों में सड़कें बहाल रहने के बावजूद सीएम सड़क से सफर के बजाय हेलीकॉप्टर के इंतजार में रहते हैं। इसके चलते बर्फ में फंसे बीमार लोगों की जान पर बन आती है। राजेंद्र बौद्ध ने कहा कि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो ट्राइबल मोर्चा सांसद और विधायक रवि ठाकुर के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना होगा।
