बर्फ से सफेद हुईं कुल्लू की पहाड़ियां

कुल्लू। ऊंची चोटियों पर शनिवार सुबह हुए हिमपात से निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। शनिवार सुबह पर्यटन नगरी मनाली समेत अन्य पर्यटक स्थलों पर हिमपात हुआ। लाहौल-स्पीति के रिहायशी इलाकों में भी हिमपात होने की सूचना है। पर्यटन नगरी मनाली में शनिवार करीब दो इंच तक हिमपात हुआ। सोलंगनाला में आधा फुट, पलचान में चार इंच, कोठी में आधा फुट, मढ़ी में एक फुट हिमपात हुआ। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग में ढाई फुट तक बर्फबारी हुई। इसके अलावा बाह्या सराज को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाले जलोड़ी दर्रा पर भी करीब डेढ़ फुट से ज्यादा हिमपात होने की सूचना है। इसके चलते आनी क्षेत्र का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है। कुल्लू के आसपास बिजली महादेव, दियार, भेखली धार समेत अन्य चोटियों पर भी फाहे गिरे हैं। मणिकर्ण घाटी की ऊंची चोटियों पर भी शनिवार को बर्फबारी का क्रम जारी रहा। इसके अलावा लाहौल-स्पीति की ऊंची पहाड़ियों समेत रिहायशी इलाकों में भी बर्फ के फाहे गिरे। कोकसर में आधा फुट से ज्यादा बर्फबारी हुई। केलांग में दो इंच बर्फबारी का समाचार है।

Related posts