
बडूही (ऊना)। बडूही-सोहारी मार्ग पर लगा जाम अभी तक खुल नहीं पाया है। मंगलवार को भी स्थिति जस की तस बनी रही। देर रात हुई बारिश ने लोनिवि की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। विभाग की ओर से सड़क के दोनों किनाराें पर डाली गई मिट्टी बारिश के पानी से दलदल बन गई है। चिकनी मिट्टी के चलते वाहन धंस रहे हैं। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग रही है। मार्ग अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जाम के चलते मंगलवार सुबह कर्मचारी, छात्र वर्ग एवं कामगारों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, लोनिवि के कर्मी रास्ते को खोलने के प्रयास में जुटे रहे। उधर, बारिश के चलते अंब-नैहरियां सड़क पर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही।
जाम में फंसे लोगों में रणजीत सिंह, अशोक कुमार, मुख्तियार सिंह, कमल देवी, राजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सोनू, रामपाल, पवन, बाबू राम, देसराज शर्मा, रविंद्र सिंह, प्रीतम चंद, सुरेश कुमार, अजय राणा, दिनेश्वर शर्मा, प्रेम कुमार, राजेश कुमार, सुरेश चंद ने बताया कि लगातार जाम के चलते उनकी दिक्कतें बढ़ गई हैं। विभाग की ओर से वर्म के लिए डाली मिट्टी बारिश होने से दलदल में तबदील हो गई। जिससे एक वाहन को पास देने के चक्कर में दूसरा वाहन मिट्टी में फंस रहा है। उधर, जोल उपमंडल अधिकारी जेएस राणा ने बताया कि मौके पर कर्मी भेजे गए हैं और शीघ्र ही जाम खोल दिया जाएगा।
