टांडा में होगा न्यूरो, हार्ट किडनी, कैंसर का इलाज

धर्मशाला।(आत्मा राम ) टांडा मेडिकल कॉलेज में अब न्यूरो, हार्ट, किडनी और कैंसर सहित पांच गंभीर रोगों के उपचार की भी सुविधा हिमाचल के लोगों को मिलेगी। 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल टांडा का लोकार्पण केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. गुलाम नबी आजाद एक मार्च को करेंगे। धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान खाद्य आपूर्ति तथा परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि टांडा में सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल शुरू होने से प्रदेश के निचले क्षेत्रों मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा व चंबा के लोगों को सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां के लिए स्वीकृत इंजीनियरिंग कॉलेज का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के नाम पर किया गया है। इसमें तीन विभिन्न व्यवसायों मेकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्यूनिकेशन की कक्षाएं इसी वर्ष से शुरू की जा रही हैं। महाविद्यालय के भवन के लिए प्रथम चरण में 8 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए जा रहे हैं। 22 विभिन्न प्राध्यापकों के पदों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। 30 करोड़ का प्राक्कलन रूसा को स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऊना को आईआईआईटी का तोहफा भी जल्द दिया जा रहा है।

पूर्व सैनिक-युवा मिलेंगे राहुल गांधी से
जीएस बाली ने बताया कि 8 मार्च को धर्मशाला में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में लगभग 50 हजार लोगों के भाग लेने की संभावना है। रैली को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिकों के लिए प्रदान की गई वन रैंक वन पेंशन योजना को लागू करने में राहुल गांधी की अहम भूमिका रही है। इसके लिए पूर्व सैनिक उनका रैली में धन्यवाद भी करेंगे। राहुल गांधी से रैली के दौरान प्रदेश भर के युवा मिलेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री सभी से मंत्रणा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की रैली से पहले लोकसभा के टिकट स्पष्ट हो जाने चाहिए।

Related posts