
ऊना।(विवेक त्रिपाठी ) एटीएम मशीन कंपनी के कर्मचारी ने अपने ही पार्टनर को लगभग साढ़े चार लाख रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जबकि मामले के संदर्भ में आगामी कार्रवाई भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बलवंत सिंह निवासी चंगर जिला हमीरपुर ने अदालत के जरिये शिकायत करवाई है कि वह और उसका पार्टनर रोहित निवासी रक्कड़ कालोनी एटीएम मशीनें लगाने का काम करते हैं। इसी के चलते उन्होंने कुछ दिनों पहले ऊना में एक बैंक के लिए एटीएम मशीन मंगवाई थी। वह मशीन बैंक के कहने पर फिट भी कराई। इसके बाद उन्होंने रोहित शर्मा को पार्टी से 4 लाख 31 हजार 374 रुपये का चेक लाने और उनके खाते में जमा करवाने के लिए भेजा। लेकिन रोहित ने वह चेक अपने ही खाते में जमा करवा लिया और सारे रुपये डकार लिए। उन्होंने बताया कि कई बार रोहित से पैसे मांगने पर भी उसने उन्हें पैसे वापस नहीं किए। इसके चलते उन्हें मजबूरन कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
उधर, एसएचओ केएल बैरी मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में कोर्ट के आदेश पर रोहित शर्मा के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जबकि मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
