
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के ऐतिहासिक प्राचीन द्रोण शिवबाड़ी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर हजारों शिव भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। रात से ही मंदिर में शिव भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थी। धार्मिक आस्था का प्रतीक शिवबाड़ी मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर बिल्व पत्र, पुष्प, दूध और जल चढ़ाने के लिए शिव भक्तों ने घंटों तक अपनी बारी का इंतजार किया। जयकारे लगाते हुए बिना थके मंदिर परिसर की ओर बढ़ते रहे।
शिवबाडी मंदिर मार्ग पर सजी छोटी-छोटी दुकानों पर लोग खरीदारी करते दिखे। पुलिस ने भी कड़े प्रबंध किए थे। इस अवसर पर बहुत से शिवभक्ताें ने व्रत रखा। पूरा दिन फलाहार खाकर शिवरात्रि का पर्व मनाया। वहीं क्षेत्र के युवा अनिल डढवाल ने पूरा दिन व्रत रखने के साथ मौन व्रत रख शिव की आराधना की। व्रत रखने वाले शिव भक्तों के लिए विशेष फलाहार का प्रबंध किया हुआ था। माथा टेकने आए शिव भक्ताें मनोज धीमान, संजीव पराशर, राकेश लखनपाल, विकास विक्की, राजेंद्र शर्मा, राजेश ठाकुर, अपूर्व शर्मा, उदय, तुषार के अनुसार ऐतिहासिक प्राचीन द्रोण शिवबाड़ी में एक अलौकिक शक्ति का आभास होता है।
