साढे़ आठ लाख के आभूषण चोरी

कुल्लू। शहर के बीचोंबीच खेरी रोपा क्षेत्र में चोर सेंध लगाकर लाखों रुपये के गहने उड़ा ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार अज्ञात चोरों के खिलाफ भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कुल्लू जिला में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अज्ञात चोरों ने अब तक बीते कुछ माह में करोड़ों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर चुके हैं। शातिर चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में लाखों रुपये के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के खेरी रोपा में किराये के मकान में रह रहे पंजाब निवासी मनमिंदर सिंह जो मौजूदा समय में भुंतर में ज्वैलरी की दुकान करते हैं, के अनुसार अज्ञात चोर सेंध लगाकर कमरे में रखी 25 हजार नकदी और सोने-चांदी के बने आभूषणों को उड़ा ले गए हैं। वारदात के समय वह भुंतर स्थित दुकान में गए हुए थे। चोर नकदी समेत करीब सात लाख रुपये के आभूषण चुरा ले गए हैं। वहीं एक अन्य मामले में भुंतर थाना के तहत आने वाले शाढ़ाबाई क्षेत्र में एचपीसीएल कालोनी के एक क्वार्टर में घुसकर डेढ़ लाख का समान चुरा ले गए हैं। पुलिस मेें दिए शिकायत पत्र में कॉरपोरेशन की कर्मचारी रजनीबाला ने कहा है कि शनिवार को स्वास्थ्य ठीक न होने के चलते अपने मंडी स्थित घर चल गई थी, सोमवार को जब क्वार्टर लौटी तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे से करीब डेढ़ लाख रुपये का समान गायब था। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की छानबीन एसआई जितेंद्र कुमार कर रहे हैं।

Related posts