बिलासपुर में डेढ़ करोड़ से बनेगा स्वीमिंग पुल

बिलासपुर। ऐतिहासिक लुहणू मैदान में जल्द ही स्वीमिंग पुल बनेगा। लुहणू क्रिकेट स्टेडियम के समीप ही इस स्वीमिंग पुल का निर्माण किया जाएगा। कहलूर स्टेडियम में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्वीमिंग पुल के लिए जिला खेल विभाग के प्रपोजल को स्वीकृति मिल चुकी है जिसके चलते विभाग ने आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से इस आधुनिक तकनीक से बनने वाले स्वीमिंग पुल के प्रपोजल को सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद खेल विभाग ने आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है। खेल विभाग को करीब 35 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार खेल विभाग द्वारा बनाए जाने वाले इस स्वीमिंग पुल पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होंगे लेकिन फिलहाल विभाग को जो राशि स्वीकृति हुई है उसी से ही काम शुरू करना पड़ेगा। विभाग को जल्द ही शेष राशि मिलने की उम्मीद है।
जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी श्यामलाल कौंडल ने कहा कि विभाग द्वारा सरकार को जो प्रपोजल भेजा गया था उसे सरकार की स्वीकृति मिल गई है। करीब 35 लाख रुपये की राशि स्वीमिंग पुल के निर्माण के लिए स्वीकृत हुई है।

Related posts