दुकानें हटाने पर होगा विचार : सीएम

चंबा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एक हजार वर्ष पुराने चंबा शहर की सुंदरता को सहेजने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक चौगान के किनारे बनाई गई दुकानों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने पर विचार किया जाएगा। इससे पूरा चौगान खुला व विस्तृत दिखेगा। ज्ञात रहे कि इससे पहले चंबा की अदालत ने भी चौगान किनारे बनाई गई दुकानों को यहां से हटाने और चौगान में व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगाने का फैसला सुना रखा है। मुख्यमंत्री ने बृजेंद्र सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में कहा कि कॉलेज के शिफ्ट होने के बाद कॉलेज भवन को सहेजने के प्रयास किए जाएंगे। कॉलेज भवन एक पौराणिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि इस धरोहर में नया म्यूजियम खोलने या भूरी सिंह म्यूजियम को शिफ्ट करने पर विचार किया जाएगा। इससे पहले डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि 16 अप्रैल, 2006 को राजकुमार बृजेंद्र कुमार की मृत्यु के बाद स्थानीय लोगों की मांग पर क्रिकेट क्लब गठित कर क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू की गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जिला में क्रिकेट अकादमी खोलने की मांग भी रखी थी। इस मांग पर के संबंध में सीएम ने कुछ नहीं कहा। आशा कुमारी ने कहा कि अगर सरकार कॉलेज भवन में भव्य म्यूजियम खोलना चाहती है, तो वे पूरे ऐतिहासिक कॉलेज भवन को सरकार को देने का अपने परिवार की ओर से आश्वासन देती हैं। मुख्यमंत्री ने राजेश सहगल, प्रतियोगिता के अंपायर लेखराज पुरी, सतीश मेहरा को भी स्मृति चिन्ह दिए। सीएम ने डीएवी व स्टीफन स्कूल चंबा के विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इंसेट ….
सीएम को आशा ने दिलाई याद
समापन समारोह में क्रिकेट प्रेमियों और विधायक आशा कुमारी को मुख्यमंत्री से एक बढ़ी घोषणा की उम्मीद थी। कॅालेज भवन और क्रिकेट अकादमी के संबंध में जब सीएम भाषण खत्म करने लगे तो आशा कुमारी ने सीएम को कॅालेज भवन के बारे में याद दिलाई, तो इसके तुरंत बाद सीएम ने कहा कि कॉलेज भवन को सहेजने के लिए सरकार जल्द कदम उठाएगी।

Related posts