
सिहुंता/चुवाड़ी (चंबा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुवाड़ी में करोड़ों रुपये के शिलान्यास किए। सबसे पहले गरनोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने लगभग 516.21 लाख रुपये की लागत से नाबार्ड के तहत बनने वाली साढ़े 10 किलोमीटर पातका-हाथीधार सड़क का शिलान्यास किया। इससे लगभग एक हजार की आबादी लाभान्वित होगी। इसके बाद चुवाड़ी में तीन कूहलों के पुननिर्माण के लिए चार करोड़ 21 लाख की लागत से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना का शिलान्यास किया। इसके चलते चुवाड़ी चौगान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विकास की जननी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है। आज देश में ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि सुबह पार्टी का गठन होता है और शाम को खत्म हो जाती है। कांग्रेस सरकार ने चंबा जिला और प्रदेश के दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को हमेशा अधिमान दिया है। गत एक वर्ष के दौरान जिले में तीव्र विकास सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सतत प्रयासों से प्रदेश आज विकास के मामले में देश में आदर्श बनकर उभरा है। इसके चलते डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हर वर्ग के कल्याण के लिए विशेष पग उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष विभिन्न विभागों में पांच हजार पदों को भरा जाएगा। पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही प्रदेश का समग्र एवं तीव्र विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन के कार्यान्वयन से प्रदेश के हजारों पूर्व सैनिक लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, नूरपुर के पूर्व विधायक रणजीत बख्शी, एसडीएम अमित मेहरा, महासचिव मनोज महाजन, विजय कंवर, रामसिंह, राजीव कौशल, शेर सिंह व सुनील कुमार मौजूद रहे।
खेल मैदान मांगा
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओंकार सिंह चंबियाल ने चुवाड़ी स्वास्थ्य में केंद्र में रिक्त पड़े चिकित्सकों व अन्य पदों को भरने की मुख्यमंत्री के समक्ष मांग उठाई। इसके अलावा लाहडू-कालीघार सड़क का निर्माण, कॉलेज में रिक्त पदों को भरने, खेल मैदान का निर्माण व क्षेत्र में सब डिवीजन कोर्ट खोलने की मांग उठाई।
