40 हजार बिल देख उड़े होश

तेलका (चंबा)। सलूणी विकास खंड की मोड़ा पंचायत में बिजली के बिलों के झटकों ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। भारी भरकम बिजली के बिल आने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। मोड़ा पंचायत के लोग बिजली बोर्ड द्वारा दिए गए दो माह के बिल को देखकर चकित रह गए हैं। पंचायत के एक व्यक्ति का 40,400 रुपये बिल आया है। इससे उपभोक्ताओं को बिल अदा करने की चिंता सताने लगी है। खास बात यह है कि दो तीन बल्ब जलाने वाले लोगों को इतने ज्यादा बिल आए हैं। लिहाजा हैरानी होना लाजमी है। जीतू राम गांव दिहोई पंचायत मोड़ा को 40,400, चूहडू राम गांव दिहोई पंचायत मोड़ा को 22,000, शेर सिंह को सात हजार रुपये बिल आया है। साथ ही किंद्रो राम निवासी दिहोई को 3700 रुपये बिल आया है। इससे उपभोक्ता काफी पशोपेश में हैं। बिल आने के बाद उपभोक्ता कई दफा बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के साथ संपर्क कर चुके हैं। अभी तक बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं की मांग पर गौर नहीं फरमाया है। स्थानीय लोगों भिंद्रो राम, परसराम, सुरेंद्र कुमार, विजय, विनय कुमार ने बताया कि एकएम बिजली के बिल काफी ज्यादा आए हैं। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड ब्रंगाल में भी इसकी शिकायत की गई है। उन्होंने बिजली बोर्ड से बिलों की जांच करने की मांग की है। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ कैलाश शर्मा ने बताया कि बिल देने वाले से मशीन में गलत रीड़िंग डालने से यह हुआ होगा। बिलों को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा।

Related posts