अपात्र बाहर, पात्रों को मिलेगी जगह

नगरोटा बगवां (कांगड़ा) नगर परिषद नगरोटा बगवां के अंतर्गत बीपीएल के अपात्र परिवारों के स्थान पर पात्र परिवारों को शामिल करने के मुद्दे पर सोमवार को ॅहुई बैठक में आम सहमति बन गई है। काफी दिनों से चर्चा में चल रहे इस मुद्दे को लेकर नगर परिषद की पूर्व बैठक में किसी निष्पक्ष एनजीओ से सर्वे करवाकर गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके बीपीएल परिवारों का पता लगाकर पात्र परिवारों को शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया गया था।
इसी मुद्दे पर बैठक में एनजीओ द्वारा किए गए सर्वे रिपोर्ट बैठक पटल पर रखी गई। नगर के सभी सातों वार्डों की सर्वे रिपोर्ट में लगभग 5 दर्जन परिवारों को बीपीएल सूची में अदला-बदली की बात कही गई है। कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर और मनोनीत पार्षद डा. राम स्वरूप चांद ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट की सूची में कुछ परिवारों की आधी अधूरी जानकारी को पूर्ण करके आगामी कार्यवाही का निर्णय लिया गया है। बैठक में इस मुद्दे पर आम सहमति जताते हुए कुछ परिवारों की पूर्ण जानकारी हासिल करके सूची के अपडेट होने के बाद अपात्रों के स्थान पर पात्र परिवारों को शामिल करने की सिफारिश शहरी विकास विभाग को करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि मार्च माह के आखिर में नगरोटा बगवां में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक लिदबड़ मेले की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई।
नगर परिषद अध्यक्षा हिमांद्री सोनी की अध्यक्षता में आयोजित हुई विशेष बैठक में ईओ चमन लाल कपूर, पार्षद दीपक ठाकुर, धीरज भटनागर, प्रेम चौधरी, वंदना शर्मा, सुदर्शना साहनी, सुनैयना मेहरा, जीवना पठानिया, मनोनीत पार्षद डा. राम स्वरूप चांद तथा प्रमोद मेहरा उपस्थित रहे।

Related posts