
कुल्लू। करीब दो माह से जिला मुख्यालय से कटा औट-लुहरी राजमार्ग-11 छोटे वाहनों के लिए आनी की ओर से बहाल हो गया है। सोमवार दोपहर को लोनिवि की मशीनरी बर्फ हटाकर जलोड़ी टॉप पर पहुंची है, जबकि दूसरी तरफ से लोनिवि बंजार का बर्फ हटाओ अभियान का काफिला दर्रा से एक किलोमीटर पीछे बड़ानाला को पार कर गया है। सांसद प्रतिभा सिंह के बंजार के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए लोनिवि ने बर्फ हटाने के काम को और गति प्रदान की है। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने 25 फरवरी को दर्रा के बहाल होने का दावा किया है। उधर, आनी की ओर से दर्रा खुलने से जिला मुख्यालय कुल्लू, भुंतर, मनाली तथा बंजार आदि इलाकों में आउटर सराज के नौकरीपेशा तथा स्कूल-कालेज में अध्ययनरत सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने खुशी जताते हुए राहत की सांस ली है। विभाग के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने दर्रा खुलने की जानकारी दी है। दर्रा पर तैनात बचाव दल के सदस्य भाग सिंह ठाकुर ने कहा कि लोग दर्रा को पैदल आरपार कर रहे हैं। सोमवार को करीब पचास से अधिक लोगों ने दर्रा लांघा है। दर्रा बहाल होने का फासला मात्र एक किलोमीटर रह गया है। ऐसे में 25 फरवरी, मंगलवार दोपहर तक मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुलने की उम्मीद है।
