ऊना में कम हुआ बस किराया

ऊना। ऊना जिले में पथ परिवहन निगम की बसों में किराया घटा दिया गया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि ऊना शहर में दस किलोमीटर के दायरे में एक मुद्रिका बस भी चलाई जाएगी। इस बस में पांच रुपये किराया तय किया गया है। मुद्रिका बस ऊना से डेरा बाबा रुद्रानंद तथा आसपास के क्षेत्रों से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचेगी। इसके बाद फिर से उसी रूट पर दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि कम किराये की सुविधा निगम की उन्हीं बसों में मिलेगी, जो राज्य के ही रूटों पर दौड़ रही हैं। ऊना बार्डर जिला होने के कारण नंगल व होशियारपुर जाने वाली बसों में भी इस सुविधा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि लंबे रूटों पर दौड़ रही निगम की बसों में कम किराये की सुविधा नहीं मिलेगी। बाली ने कहा कि जिले के लोकल रूटों के लिए किराया फिक्स किया गया है। परिवहन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद किलोमीटर प्रति लीटर में भी बढ़ोतरी हुई है। इससे प्रतिमाह दस करोड़ की बचत हो रही है। पहले यह 3.51 थी, जो अब 3.70 हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला परिचालक और चालक को लेकर भी आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे।

बसों और बस अड्डों पर लगेंगे कैमरे
ऊना। जीएस बाली ने प्रेस वार्ता में कहा कि पथ परिवहन निगम की बसों और बस अड्डों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इसके लिए 50 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट स्वीकृति के लिए भेजा गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। बसों में भी कै मरे लगाया जाना महिला सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर होगा।

Related posts