
ऊना। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि एचआरटीसी के कर्मियों के लंबित वित्तीय लाभों के अलावा अतिरिक्त लाभ उन्हें दिए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया भी जल्द शुुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जमीन मुहैया करवाते ही ऊना में आरटीओ कार्यालय का अपना भवन निर्मित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊना में एचआरटीसी की वर्कशाप के लिए उपायुक्त को नई जगह जमीन देखने के निर्देश दिए गए हैं और वर्कशाप के लिए जमीन उपलब्ध होते ही यहां बस अड्डे का काम शुरू कर दिया जाएगा। सभी सुविधाओं से लैस अत्याधुनिक बस अड्डा बनाकर ऊना वासियों को दिया जाएगा। जीएस बाली ने कहा कि सलोह में ट्रिपल आईटी को लेकर फाइल दो सप्ताह के भीतर क्लीयर हो जाएगी। इसके बाद शिलान्यास के साथ ही इसका निर्माण भी शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा की पूर्व सरकार के समय एचआरटीसी का कैश लॉस 387 करोड़ था। अब इसकी 200 करोड़ की देनदारियां दे दी गई हैं। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के राजस्व में भी 55 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। निजी क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा करने के लिए निगम भी बसें ठेके पर देंगे। उन्होंने कहा कि बोल्वो से ही निगम को पौने दो करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ है।
कंडक्टर सस्पेंड किया
ऊना। जीएस बाली ने कहा कि शिमला से ऊना आते समय ठियोग के लिए जा रही एक बस में बैठे यात्रियों ने परिचालक के खिलाफ शिकायत की। जब मौके पर अधिकारियों को भेजा गया तो परिचालक द्वारा शराब पीए होने की बात का पता चला। उन्होंने कहा कि परिचालक को सस्पेंड कर दिया गया।
