
पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल-नग्गर रोड पर चौक के समीप एक युवक ट्रक के पिछले टायरों की चपेटमें आ गया। इससे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पतलीकूहल चौक पर शुक्रवार दोपहर साढ़े बारह बजे डोभी क्षेत्र का खड़ियार निवासी वीरचंद खकनाल जा रहे ट्रक के पिछले टायरों के नीचे आ गया। सड़क दुर्घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके चलते कुछ देर के लिए जाम भी लग गया। पुलिस चौकी से टीम सहित पहुंचे एसआई संजीव को भीड़ को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मृतक वीरचंद घटनास्थल के सामने निर्मित शापिंग कांप्लेक्स की गली से सड़क की ओर आ रहा था। ऐसे में इस तंग सड़क पर अचानक वह वहां से गुजर रहे ट्रक के नीचे आ गया। पुलिस ने ट्रक चालक खूबराम पधर मंडी के खिलाफ भादंसं की धारा 279 और 304ए के तहत गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी मनाली पूर्ण चंद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
