विहिप शुरू करेगी देव भूमि बचाओ आंदोलन

मंडी। विश्व हिंदू परिषद की बैठक में देव समाज बचाओ, देवभूमि बचाओ आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया गया। बैठक विश्व हिंदू परिषद संरक्षण समिति के महंत गोविंद दास महाराज की अध्यक्षता में हुई। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद शिवरात्रि से देव समाज बचाओ और देवभूमि बचाओ आंदोलन शुरू करने जा रही है। विहिप ने मंदिरों की सुरक्षा, मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, देव समाज और देव परंपरा के संरक्षक कारदारों, पुजारियों, गूरों को मानदेय और पेंशन प्रदान करवाने के लिए आंदोलन का निर्णय लिया है। आंदोलन की शुरुआत मंडी में शिवरात्रि उत्सव से होगी। विहिप का यह आंदोलन हिमाचल प्रदेश कारदार महासंघ के बैनर तले होगा।
उन्होंने बताया कि विहिप का मत है हिमाचल देवभूमि है एवं हिमाचल देव संस्कृति के लिए राष्ट्रीय मानचित्र पर विशिष्टता के लिए प्रसिद्ध है लेकिन दुर्भाग्य है कि राज सत्ता ने प्रदेश की देव सत्ता को नजरअंदाज कर दिया है। प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में बढ़ती चोरी और आगजनी की घटनाओं से मंदिरों की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह खड़े हो गए हैं। मंदिरों पर लुटेरों और माफिया की नजर है। कई वर्षों से देव परंपरा को बचाने में जीवन लगाने वाले कारदारों और गूरों तथा पुजारियों का महत्व प्रदेश में शून्य के बराबर है।

राहुल सोलंकी संयोजक नियुक्त
मंडी। विहिप की बैठक में देव समाज बचाओ आंदोलन समिति का गठन कर राहुल सोलंकी
को संयोजक नियुक्त किया गया। सह संयोजक मांचली ठाकुर, संपर्क प्रमुख हरदीप, सह प्रमुख अवनीश कात्यायन, मीडिया प्रमुख अजय श्याम, संरक्षक समिति में गोविंद दास जी, श्याम लाल कश्यप तथा समिति के ड्राफ्ट समिति में डा. कुलदीप अग्निहोत्री, रजनी ठुकराल और डॉ. सूरत को रखा गया है। आंदोलन समिति अपना पूरा कार्य विहिप के प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार की देखरेख में काम करेगी।

Related posts