
चंबा। पिछले दिनों लगातार तीन दिन हुई बर्फबारी व बारिश से लोक निर्माण विभाग को भारी चपत लगी है। भूस्खलन व डंगों के गिरने से जिला में विभाग को एक करोड़ 15 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। कई मार्गों पर बड़े-बड़े डंगे क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई स्थानों पर सड़कें धंस गई हैं। इससे कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला के चुवाड़ी व डलहौजी क्षेत्र में कम नुकसान हुआ है। सलूणी, भरमौर, चंबा व तीसा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की सड़कों को अधिक नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण सड़कों पर बिछी तारकोल भी कई जगह से उखड़ गई है। लोक निर्माण विभाग ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर ली है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके सूद ने बताया कि नुकसान का आकलन किया गया है। विभाग को हाल ही में हुई बारिश व बर्फबारी से एक करोड़ 15 लाख का नुकसान झेलना पड़ा है।
