
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगली के प्राइमरी स्कूल मंगली में पिछले पांच दिनों से शिक्षक नहीं आ रहा है। इससे स्कूल में शिक्षक ग्रहण कर रहे स्कूली बच्चे महज खिचड़ी खाकर ही वापिस घर लौट रहे हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। स्कूल से शिक्षक के नदारद रहने पर स्थानीय लोगों ने ऐतराज जताया है। मंगली पंचायत के प्रधान कर्म चंद ने बताया कि बीते पांच दिनों से स्कूल में शिक्षक नहीं आ रहा है। इससे स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 40 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूल में तैनात शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों दिनेश कुमार, विनय कुमार, नरेश, चतरो राम ने बताया कि पहले से स्कूल में एक अध्यापक तैनात है और वो भी बीते पांच दिनों से स्कूल नहीं आ रहा है। इससे स्कूली बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने बताया कि इस शिक्षक की पहले भी शिकायत शिक्षा विभाग से की गई थी। एसएमसी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि शिक्षक स्कूल में बीते पांच दिनों से नहीं आ रहा है। इसकी शिकायत जल्द लिखित रूप में की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी शिक्षक की पहले भी शिकायत की गई थी। उन्होंने शिक्षा विभाग से उचित कदम उठाने की मांग की है। उधर, प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उप निदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि अगर ऐसा है तो जल्द बीपीईओ को कार्रवाई करने के आदेश दिए जाएंगे और शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
