
पतलीकूहल (कुल्लू)। पतलीकूहल में तिब्तियन स्कूल के आसपास स्थित घरों में अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ गई। इससे लोगों के टीवी-एलसीडी खराब हो गए। मंगलवार देर शाम पेश आई इस घटना में घरों के बाहर लगे बल्ब और स्ट्रीट लाइट के बल्ब भी फट गए। पंचायत प्रधान राजीव ठाकुर का कहना है कि ग्रामीण बलदेव, सुनील दत्त, नरेंद्र कुमार, गिरीराज, शेरसिंह, बलवीर सिंह, नीमा डोलमा, महेंद्र ठाकुर, हीरालाल और डोलमा देवी ने उनसे गुहार लगाई है कि इस घटना में उनके टीवी, एलसीडी, फ्रिज, मोबाइल चार्जर और अन्य बिजली उपकरण खराब हो गए हैं। प्रधान ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद ग्रामीण प्रधान की अगुवाई में हादसे में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पतलीकूहल स्थित बिजली बोर्ड के एसडीओ के पास पहुंचे। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से जल्द क्षतिपूर्ति करने क ी मांग की। बताया जा रहा है कि सिंगल फेस में डबल फेस की लाइन जुड़ जाने से यह हादसा पेश आया। वहीं, बिजली बोर्ड के कुल्लू में तैनात अधीक्षण अभियंता प्रवेश ठाकुर का कहना है कि इस सिलसिले में एसडीओ पतलीकूहल से रिपोर्ट तलब की गई है। उधर, स्थानीय विधायक गोविंद ठाकुर ने इस घटना की निष्पक्ष जांच करते हुए ग्रामीणों को नियमानुसार मुआवजा अदा किए जाने की मांग की है।
