
ऊना। स्टेट रोड प्रोजेक्ट के अधीन चल रहे निर्माण कार्यों के कारण लोग काफी परेशान हैं। बीते रोज विधानसभा में भी ऊना का यह मामला गूंजा। अंब-मुबारिकपुर से मैहतपुर के दायरे में सड़क 2008 से निर्माणाधीन है। सीएम ने भी एक साल में इसका काम पूरा होने का आश्वासन दिया था। बार-बार काम को आगे खिसकाया जा रहा है।
पहले सड़क पर टारिंग डालने का कार्य अगस्त 2013 तक पूरा करने का कंपनी को अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद अवधि बढ़ाई गई। अब फिर से सड़क पर टारिंग करके इसे पूरा तैयार करने को एक वर्ष का इंतजार करना होगा। अंब से मैहतपुर के दायरे में सड़कों का बुरा हाल है। इस दायरे में कुल बारह पुलों का निर्माण होना है। पांच पुलों का निर्माण कार्य आधा अधूरा है।
नंदपुर निवासी कारोबारी अजीत कुमार, नरेंद्र कुमार, राजीव, विनोद कुमार, राजू, शिवम तथा ऊना से रवि, सौरभ शर्मा, संजीव राणा, तरुण, गौरव, राकेश कुमार, सतनाम सिंह, बहडाला और मैहतपुर के दायरे में दुकानें करने वाले अवतार सिंह, रमेश कुमार, आजाद सिंह, विपिन कुमार, सुशील, सुखदेव, प्रदीप और सुरेंद्र कुमार आदि के अनुसार सड़क पर टारिंग का कार्य जल्द पूरा होना चाहिए। इस मार्ग को लेकर बार-बार इंतजार लंबा खिंच रहा है। खासकर बरसात के दिनों में कारोबारियों को ज्यादा परेशानी होती है।
स्टेट रोड प्रोजेक्ट के एसडीओ प्रदीप शर्मा के अनुसार इन पुलों में से एक पुल को चीन की लांगजिएन रोड एंड ब्रिज कंपनी ही बनाएगी। शेष पुल दूसरी कंपनी को दिए जाएंगे। चार नए पुलों का कार्य आरंभ होना है। इसके शिमला में टेंडर होते ही कार्य आरंभ हो पाएगा। इस दायरे में सड़क पर लुक डालने का कार्य 50 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। कार्य प्रगति पर है।
